कलेक्टर ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
मोहला – जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में आज स्वतंत्रता दिवस समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया. कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने मुख्य अतिथि की भूमिका का निर्वाह कर ध्वजारोहण किया व परेड की सलामी ली. इसके पश्चात परेड निरीक्षण किया गया. इस दौरान स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का रिहर्सल भी किया. इस मौके पर पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह भी उपस्थित रहे.
स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण के पश्चात सलामी, राष्ट्रगान व मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के संदेश का वाचन होगा. जिसके बाद मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण करेंगे. समारोह में आईटीबीपी, जिला पुलिस बल, एनसीसी और स्काउट गाइड के छात्र-छात्राओं की टुकडिय़ों द्वारा मार्च पास्ट किया जाएगा. समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा. तत्पश्चात स्कूली बच्चों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे.

फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने मंच व बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, बिजली आपूर्ति, पेयजल आदि के बारे में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों को उनको सौंपे गए दायित्वों के अनुसार सारी तैयारियां समय से पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया.
