गांजा तस्करी में शामिल पुलिस आरक्षक विजय धुरंधर बर्खास्त
दुर्ग- भिलाई-3 थाना अंतर्गत तस्करों की गाड़ी से गांजा चुराने के आरोप में आरक्षक विजय धुरंधर को खाकी वर्दी से हाथ धोना पड़ा. आरक्षक विजय धुरंधर को एसएसपी ने बर्खास्त किया है, जो दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना में पदस्थ था.
मामला पिछले महीने 3 मार्च का है, आरक्षक विजय धुरंधर को डायल 112 में ड्यूटी पर लगाया गया था. आरक्षक ने गांजा पकड़ने के दौरान डायल 112 के ड्राइवर अनिल कुमार टंडन के साथ मिलकर एक बोरी गांजा जब्ती न दिखाकर अपने पास छिपाकर रख लिया था.

थाना पुरानी भिलाई में आरक्षक विजय धुरंधर और अनिल कुमार टंडन पर धारा 20 (बी) (II) (बी) एनडीपीएस एक्ट कायम कर दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया. अपराध दर्ज होने और गिरफ्तार होने पर आरक्षक विजय धुरंधर को निलंबित किया गया था. लेकिन दुर्ग एसपी विजय अग्रवाल ने पुलिस रेग्यूलेशन के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों के आधार पर निलंबित आरक्षक विजय धुरंधर को गंभीर कदाचरण के लिए सेवा से बर्खास्त किए जाने का आदेश पारित किया.
