मुठभेड़ में सुरक्षा बल ने एक महिला नक्सली को किया ढेर, सर्चिंग जारी
दंतेवाड़ा- बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले के सीमा पर सोमवार की सुबह हुए मुठभेड़ में सुरक्षा बल ने एक महिला नक्सली को ढेर कर दिया है. मिली जानकारी के मुताबिक, जिला दंतेवाड़ा और बीजापुर के सरहदी क्षेत्रान्तर्गत माओवादी विरोधी अभियान पर सुरक्षा बल की टीम निकली थी. इसी बीच दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई. अभियान के दौरान आज सुबह नौ बजे से माओवादियों और सुरक्षाबलों के बीच लगातार फायरिंग जारी है. मुठभेड़ स्थल से अब तक एक इंसास राइफल हथियार सहित एक महिला नक्सली का शव, गोला बारूद के साथ अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद हुई हैं. मारी गई नक्सली की पहचान रेणुका उर्फ बानु के रूप में की गई है जो कि 25 लाख रूपए की इनामी नक्सली थी. फिलहाल, घटना स्थल पर सर्चिंग जारी है.
