जिले के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों में पहुंचे कांग्रेसी, किसानों से की बातचीत
दुर्ग- छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने धान खरीदी केंद्र चलो अभियान की शुरुआत की है. जिसको लेकर मंगलवार को पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व विधायक अरुण वोरा, महापौर एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल कोसरे दुर्ग जिले के कोलिहापुरी, सोमनी, भिलाई-3, जामगांव आर, पाटन, कुम्हारी, अहिवारा, मुरमुंदा आदि धान खरीदी केंद्र पहुंचे और किसानों से बातचीत की.
कांग्रेसियों ने बताया कि किसानों से एक कट्टे में 40 किलोग्राम एवं बारदाना मिलाकर 650 ग्राम कुल 40 किलो 650 ग्राम खरीदी करना चाहिए जबकि कहीं-कहीं सोसाइटी में 41 किलोग्राम एवं 40 किलो 900 ग्राम की खरीदी की जा रही है. समिति प्रबंधक को पूछने पर सुखद धान के नाम पर किसानों से अतिरिक्त धान लिया जा रहा हैं. जबकि सुखद धान की भरपाई कांग्रेस सरकार में राज्य शासन वहन करती थीं, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार के द्वारा सुखद धान की भरपाई आम किसानों से की जा रही है.

ऑनलाइन टोकन सिस्टम से छोटे किसान धान बेचने से वंचित
ऑनलाइन टोकन सिस्टम होने के चलते छोटे किसान धान बेचने से लगातार वंचित हो रहे हैं जिसके चलते कई दिनों तक अपना धान खलिहानों में ही रखने को मजबूर है. कांग्रेसियों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सोसाइटी में धान का उठाव नहीं होने के कारण बहुत सारे सोसाइटियों में धान रखने को लेकर परेशानी हो रहीं है. अधिकांश किसान धान कटाई के बाद धान बेचने के लिए अपने बारी का इंतजार कर रहे हैं. कई किसान तो सुबह से ही टोकन लेने के लिए सोसाइटियों के चक्कर काट कर खाली हाथ लौट रहे हैं.

केवल समर्थन मूल्य के दर से ही किसानों को भुगतान
विधानसभा चुनाव के समय भाजपा सरकार ने 3100 रूपय नगद धान खरीदी का वादा किया था, लेकिन 14 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ होने के बावजूद आज दिनांक तक एक भी किसानों को 3100 रूपय क्विंटल के भाव से राशि प्राप्त नहीं हुआ है केवल समर्थन मूल्य ₹ 2300 के दर से ही किसानों को भुगतान हो पाया है. राज्य शासन के द्वारा यदि व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया जाता तो कांग्रेस पार्टी के द्वारा किसानों के साथ जन आंदोलन किया जाएगा.
इस अवसर पर श्रम मंडल के उपाध्यक्ष बंटी हरमुख, जनपद अध्यक्ष देवेंद्र देशमुख, केश बोर्ड के अध्यक्ष नंदकुमार सेन, प्रदेश महामंत्री जितेंद्र साहू, पूर्व साडा उपाध्यक्ष बृजमोहन सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप चंद्राकर, रिवेंद्र यादव, टिकेश्वरी देशमुख, महेंद्र सिंन्हा, पप्पू चंद्राकर, नरेंद्र गुड्डू वर्मा सहित कांग्रेसजन उपस्थित रहे.
