दो दोस्तों की शराब पीने के बाद हुई मौत का खुलासा, प्रेमिका ने नए प्रेमी के साथ रची पुराने प्रेमी की हत्या की साजिश
जांजगीर-चांपा- जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम बुडगहन में शराब सेवन से हुए 02 व्यक्तियों की मौत के गुत्थी को तीन दिवस के अंदर सुलझाने में बलौदा पुलिस एवं सायबर टीम को सफलता मिली है. युवकों की शराब पीने से मौत नहीं हुई थी बल्कि अवैध संबंध के चलते दो व्यक्तियों की हुई हत्या की गई थी. इस वारदात को मृतक युवक रुपेश सांडे की प्रेमिका रजनी ने अपने प्रेमी बसंत आदित्य के साथ मिलकर अंजाम दिया था. प्रकरण के आरोपीयों के विरुध्द धारा 103 (1) 105,61(2).3(5) BNS के तहत की गई कार्यवाही
पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बुडगहन गांव की एक महिला रजनी का मृतक रुपेश सांडे और आरोपी बसंत आदित्य के साथ अवैध संबंध था. रुपेश को अपने रास्ते से हटाने के लिए महिला ने बसंत के साथ मिलकर रुपेश को रास्ते से हटाने का षड्यंत्र रचा और शराब में सुहागा जहर मिलाकर उसे शराब पीला दी, जिसके बाद रुपेश सांडे के साथ साथ शराब पीने से उसके दोस्त शिवा की भी मौत हो गई. पुलिस ने हत्या के मामले में महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत मे भेज दिया है.
अपने ही प्रेमी के साथ मिलकर रची पुराने प्रेमी की हत्या की साजिश
26 अक्टूबर की रात बुडगहन गांव में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया. शराब पीने के बाद हालत बिगड़ने पर दोनों युवकों को गंभीर हालत में बलौदा अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां डाक्टर ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया. इस मामले में परिजनों ने शराब जहरीली होने की आशंका जताई थी, जिस पर बलौदा पुलिस मर्ग कायम कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की और मृतकों से अंतिम बार मिलने वालों एवं करीबी लोगों से पूछताछ शुरु की, जिसमें मृतक रुपेश सांडे की पड़ोसी विधवा महिला रजनी से भी पूछताछ की. महिला ने रुपेश के साथ अवैध संबंध होना स्वीकार किया और रुपेश के अलावा बसंत आदित्य से भी अपने संबंध होने की जानकारी दी. बसंत के साथ संबंध होने की जानकारी जब रुपेश सांडे को लगी तो वह रजनी को प्रताड़ित करना शुरू किया, जिससे तंग आकर बसंत और रजनी ने मिल कर रुपेश सांडे को मारने का मन बनाया.
देशी शराब में सुहागा मिलाकर पीने के लिए दिया शराब
रुपेश सांडे को मारने के लिए बसंत आदित्य ने ऑनलाइन सुहागा (बोरेक्स) जहर मंगाया और रजनी को दे दिया. बाद में रजनी ने अपने भाई से बुडगहन देशी शराब दुकान से शराब मंगाया और उसमें सुहागा मिला दिया. उसके बाद रात में रुपेश सांडे को दी दिया. रुपेश ने उस शराब को पीने के लिए शिवा और सुखसागर को बुलाया और अपने घर के सामने पुल पर बैठ कर शराब पीना शुरू किया. तभी सुखसागर का फोन आ गया और उसने शराब नहीं पी. वहीं रुपेश और शिवा के शराब पीने के बाद दोनों मौके पर ही तड़पने लगे. उसके बाद दोनों की उपचार के दौरान की मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक आरोपी रजनी के पति की कोरोना में मौत हो गई थी, जिसके बाद पड़ोसी रुपेश सांडे के साथ महिला का संबंध था और एक साथ शराब भी पीते थे. इस बीच दो साल पहले गांव के धान खरीदी केंद्र प्रभारी बसंत आदित्य से रजनी का संबंध बना. इस दौरान अपने और बसंत के संबंध के बीच आ रहे रुपेश को हटाने के लिए दोनों ने बड़ी ही चालाकी से मौत का षड़यंत्र रचा, लेकिन पुलिस की जांच में पूरे मामले से पर्दा उठ गया और आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गए हैं.
