शराब पीकर दोस्तों में हुआ विवाद, दोस्त की पत्थर से कुचलकर हत्या
दुर्ग- जिले के पद्मनाभपुर थाना अंतर्गत पोटिया क्षेत्र में बीती रात एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई. सुबह उसका शव मनीष ट्रेवेल्स के पेट्रोल पंप के पीछे स्थित खाली जगह में पड़ा मिला. आसपास के लोगों ने शव को देखा तो पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस जांच में जुटी हुई है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान तोप सिंह धृतलहरे (30 साल) निवासी पोटिया कुंदरापारा बस्ती के रूप में हुई है. मृतक बिजली कंपनी में ठेका रोजी मजदूरी का काम करता है. बताया जा रहा है कि अपने गांव के ही रहने वाले दोस्तों के साथ रविवार को शराब पार्टी करने गया था. पोटिया में शराब दुकान से शराब खरीदकर अपने दोस्तों के साथ मनीष ट्रेवेल्स के पेट्रोल पंप के पीछे पड़ी खाली जगह पर शराब पीने चले गए. शराब पीने के दौरान विवाद होने के बाद उसके दोस्तों ने पत्थर से कुचलकर और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद उसके शव को वहीं छोड़कर भाग गए. पुलिस ने इस मामले में चार युवको को हिरासत में लिया है. पुलिस ने बताया कि इस मामले में जल्द ही खुलासा किया जाएगा.
