राजनांदगांव- प्रभारी कलेक्टर व जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार ने जिला पंचायत सभाकक्ष में जिले के ड्राइवर्स के हड़ताल के संबंध में प्रेसवार्ता ली. प्रभारी कलेक्टर व जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार ने जिले के ड्राईवर के हड़ताल की स्थिति को देखते हुए कहा कि पेट्रोल एवं डीजल के लिए जनसामान्य को पैनिक होने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि आम जनता को इस संबंध में जागरूक होना चाहिए. जिले में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक है. जनसामान्य में अफवाह एवं भ्रम की स्थिति नहीं होनी चाहिए. उन्होंने बताया कि पेट्रोल एवं डीजल को सुरक्षित लाने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है. खाद्य सामग्री भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है.
प्रभारी कलेक्टर अमित कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन, ट्रांसपोटर्स संघ एवं ड्राईवर यूनियन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई. सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार को पेट्रोल पंप का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि इस संबंध में ट्रासपोटर्स संघ एवं ड्राईवर यूनियन से समन्वय बनाया जा रहा है. जिले में चार दिवस के लिए पर्याप्त गैस सिलेण्डर की व्यवस्था है. पीडीएस दुकानों में एक महीने का पर्याप्त भंडारण है. खाद्य सामग्री एवं अन्य वस्तुओं के सतत आपूर्ति की स्थिति बनी रहेगी. जिले में 108 पेट्रोल पंप संचालित है. उन्होंने बताया कि जिले में 23 डीलर्स एवं 50 ट्रांसपोटर्स द्वारा पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति की जा रही है. उन्होंने बताया कि ड्रायवर के हड़ताल की वजह से ट्रांसपोटर्स के माध्यम से की जा रही पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति बंद हो गई है. डीलर्स के माध्यम से की जा रही आपूर्ति जारी है. आज भी रायपुर के डिपो से 13 गाडिय़ां राजनांदगांव के लिए रवाना हो चुकी हैं.
इस अवसर पर अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन प्रताप सिंह तोमर एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
