कार्यपालन अभियंता अशोक कुमार को सेवानिवृत्ति पर दी गई भावपूर्ण विदाई

राजनांदगांव/कवर्धा – छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड कवर्धा वृत के पंडरिया संभाग में पदस्थ कार्यपालन अभियंता अशोक कुमार सिंह के सेवानिवृत्ति पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन कर भावपूर्ण विदाई दी गई. अशोक सिंह ने मध्यप्रदेश विद्युत मंडल, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल एवं सीएसपीडीसीएल में 38 वर्षो तक अपनी सेवाएं दी. उन्हें कवर्धा वृत के अधीक्षण अभियंता रंजीत घोष ने स्मृति चिन्ह, उपहार एवं प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित किया.

इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता रंजीत घोष ने कहा कि विद्युत कंपनी के सेवाकाल में श्री सिंह कर्तव्यनिष्ठा, समर्पित व उत्कृष्ट कार्यशैली के अधिकारी रहे और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन बखूबी से किया. इस विदाई समारोह में अशोक सिंह ने अपने सेवाकाल का विवरण देते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया.
इस कार्यक्रम में उपस्थित जनों ने कार्यपालन अभियंता अशोक कुमार सिंह के प्रति अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त किया तथा उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की. इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता के. एल. उइके सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.
