इस साल 3309 नशेड़ी ड्राइवरों पर गिरी गाज
रायपुर- राजधानी रायपुर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट एक्शन मोड में है. पुलिस कमिश्नर और प्रभारी पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) के कड़े निर्देशानुसार, शहर में ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ यानी शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ एक व्यापक और निरंतर विशेष अभियान चलाया जा रहा है. मोटर वाहन अधिनियम 1988 के कड़े प्रावधानों के तहत इस साल अब तक रिकॉर्ड 3309 नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है.
24 मई की रात शहर के 9 चौकों पर चक्रव्यूह, फंसे 57 नशेड़ी वाहन चालक
इसी अभियान के तहत रविवार, 24 मई 2026 की रात को सतीश कुमार ठाकुर (एसीपी यातायात) के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीमों ने शहर के 9 सबसे व्यस्त और प्रमुख स्थानों पर सघन चेकिंग प्वाइंट्स बनाए. इन स्थानों में शामिल हैं:तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका चौक, भांठागांव चौक, टाटीबंध चौक, कालीबाड़ी चौक, जय स्तंभ चौक, भनपुरी चौक, और पंडरी थाने के सामने. इस औचक चेकिंग के दौरान शराब के नशे में धुत कुल 57 वाहन चालकों को रंगे हाथों पकड़ा गया. इसमें सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पकड़े गए वाहनों में सबसे ज्यादा लग्जरी कारें शामिल थीं. पुलिस ने कुल 40 कार, 05 मोटरसाइकिल, 03 ऑटो और 9 मालवाहक वाहनों को जब्त किया है. इन सभी के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर मामला माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है.
आम नागरिकों से कमिश्नरेट पुलिस की विशेष अपील
रायपुर पुलिस ने सभी जिम्मेदार नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए निम्नलिखित यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें-
- शराब पीकर किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाएं.
- वाहन चलाते समय कार चालक सीट बेल्ट और दुपहिया चालक हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें.
- ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग बिल्कुल न करें.
- प्रशासन द्वारा निर्धारित गति सीमा (Speed Limit) के भीतर ही वाहन चलाएं.
- ट्रैफिक सिग्नल, रोड संकेतक और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें.
- अपने नाबालिग बच्चों को कानूनी रूप से वाहन चलाने की अनुमति न दें.
- गाड़ी चलाते समय धैर्य रखें और सड़क पर चल रहे अन्य चालकों के प्रति संवेदनशील रहें.
