3.16 लाख की चोरी का सनसनीखेज खुलासा, एक महिला व 4 बालकों समेत 9 गिरफ्तार
बलौदाबाजार- बलौदाबाजार नगर के सिटी कोतवाली पुलिस ने शिवा रेसिडेंसी कॉलोनी में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर गिरोह को दबोच लिया है. पुलिस ने इस मामले में एक महिला, चार पुरुष और चार विधि से संघर्षरत बालकों (नाबालिगों) सहित कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं.
पुलिस के मुताबिक, शिवा रेसिडेंसी कॉलोनी निवासी तुलसी चरण जायसवाल (32) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 से 20 अक्टूबर 2026 के बीच अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर प्रवेश किया. इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और चांदी के सिक्के चोरी कर लिए. चोरी गई सामग्री की कुल कीमत 3 लाख 16 हजार रुपये बताई गई है. शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 887/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 331(4), 305 और 61(2) तथा किशोर न्याय अधिनियम की धाराओं 75 और 78 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से खुला राज
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों से मिली जानकारी और मैदानी जांच के आधार पर पुलिस ने संदेहियों की पहचान की. इसके बाद दबिश देकर कुल नौ लोगों को पकड़ा गया. पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य अलग-अलग इलाकों और कॉलोनियों में घूमकर सूने मकानों की रेकी करते थे. घर खाली होने की जानकारी मिलने पर वे रात के समय योजनाबद्ध तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देते थे. पुलिस ने बताया कि इस मामले में चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं. सभी आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 23 अक्टूबर को उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया. उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की गई है.
गिरफ्तार आरोपी और नाबालिग
- रितेश कुमार पिता रमेश पाढ़ी, उम्र 34 वर्ष, निवासी- पुराना बस स्टैंड के पास बलौदाबाजार, वर्तमान पता कोकड़ी रोड, बलौदाबाजार
- हेमनाथ उर्फ गोलू उर्फ टप्पू पिता भगवती यादव, उम्र 27 वर्ष, निवासी- नयापारा दुर्गा चौक, बलौदाबाजार
- प्रियांशु साहू उर्फ लक्की पिता ज्ञानेश्वर, उम्र 18 वर्ष 03 माह, निवासी- संजय कॉलोनी, बलौदाबाजार
- युवराज दुलानी उर्फ युवी पिता शंकर दुलानी, उम्र 18 वर्ष, निवासी- अंबेडकर चौक, बलौदाबाजार
- सृष्टि उर्फ डाली पिता नरेन्द्र ठाकुर, उम्र 26 वर्ष, निवासी- सिविल लाइन, बलौदाबाजार
- विधि से संघर्षरत 04 बालक
