May 22, 2026

Blog


पुलिस ने एक नाबालिग समेत 6 को दबोचा

रायपुर- राजधानी रायपुर के थाना सिविल लाइन इलाके में एक प्रार्थी को अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर मोटी रकम वसूलने की कोशिश करने वाले गिरोह को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और एक नाबालिग सहित कुल 6 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है.

क्या है पूरा मामला?

शिकायत के मुताबिक, 20 मई 2026 की शाम प्रार्थी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से मिस कॉल आया. जब प्रार्थी ने उस नंबर पर वापस कॉल (कॉल बैक) किया, तो सामने से वीडियो भेजने की बात कही गई. इसके तुरंत बाद एक अन्य नंबर से प्रार्थी के फोन पर एक अश्लील वीडियो भेजा गया. वीडियो देखकर प्रार्थी अभी संभल भी नहीं पाया था कि आरोपियों ने दोबारा फोन कर उसे धमकी दी कि अगर बदनामी से बचना चाहते हो, तो 50,000 रुपये देने होंगे, नहीं तो वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा. प्रार्थी के मना करने पर वे लगातार धमकी देते रहे.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 289/26, धारा 308(2), 3(5) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) और धारा 67 आई.टी. एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया. अपराध दर्ज होते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिविल लाइन पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई. टीम ने तकनीकी इनपुट और घेराबंदी कर गैंग के 6 सदस्यों को धर दबोचा, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) भी शामिल है.

गिरफ्तार आरोपियों

  1. तामेश्वर सोनवानी (19 वर्ष) – सेक्टर 28, नवागांव, थाना राखी, रायपुर.
  2. राजकुमार कुर्रे (18 वर्ष) – सेक्टर 28, नवागांव, थाना राखी, रायपुर.
  3. कोमल यादव (21 वर्ष) – सेक्टर 28, नवागांव, थाना राखी, रायपुर.
  4. छोटु टंडन (20 वर्ष) – सेक्टर 28, नवागांव, थाना राखी, रायपुर.
  5. सैय्यद सैफ अली (30 वर्ष) – सेक्टर 27, जिमगार्डन, थाना राखी, रायपुर.
  6. एक नाबालिग आरोपी

पुलिस फिलहाल पकड़े गए सभी आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह ने अब तक और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है.