October 27, 2026

Blog


गली में खेल रहे मासूम को पटककर किया घायल, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

राजनांदगांव- जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मेढ़ा में 6 वर्षीय मासूम बच्चे को जान से मारने की नीयत से बिजली के तार में पटककर घायल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.

जानकारी के अनुसार, प्रार्थी चेतन कुमार चंद्रवंशी ने थाना डोंगरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 अक्टूबर 2026 को उनका 6 वर्षीय बेटा पड़ोस के बच्चों के साथ गली में खेल रहा था. इसी दौरान आरोपी चेतन कंवर ने वहां पहुंचकर अश्लील गाली-गलौज की और हत्या की नीयत से मासूम बच्चे को उठाकर बिजली के खंभे के तार (स्टेशन तार) में पटक दिया, जिससे बच्चे को गंभीर चोटें आईं. प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 633/2026, धारा 296, 109 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.

प्रार्थी के बेटे के साथ घटित घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा आरोपी चेतन कंवर, पिता लक्ष्मण कंवर, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम मेढ़ा, थाना डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव (छ.ग.) की पतासाजी की गई. आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. अपराध स्वीकार करने एवं आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया.

गिरफ्तार आरोपी

चेतन कंवर, पिता लक्ष्मण कंवर, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम मेढ़ा, थाना डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव (छ.ग.).