चोरी के नए वायर जलाकर निकाला तांबा, कबाड़ियों को बेचा, स्कूटी, जले हुए तार और नकदी जब्त
रायगढ़- एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन पर कोतवाली पुलिस ने रायगढ़ के रामभांठा स्थित संत माईकेल अंग्रेजी माध्यम स्कूल के निर्माणाधीन भवन से वायरिंग वायर, प्लम्बिंग सामग्री, पेंटिंग सामग्री, तड़ित चालक एवं अन्य निर्माण सामग्री की चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर शानदार सफलता हासिल करते हुए छह आरोपियों एवं चोरी का माल खरीदने वाले दो कबाड़ियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में तीन विधि से संघर्षरत अपचारी बालक भी शामिल हैं, जिन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था.
विवेचना के दौरान एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जो पूर्व में भी चोरी की घटनाओं में शामिल रह चुका था. पूछताछ में उसने अपने साथी राहिल एक्का तथा दो अन्य अपचारी बालकों के साथ मिलकर स्कूल में चोरी करना स्वीकार किया. आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए नए बिजली के तारों को सुनसान स्थान पर जलाकर उनमें से तांबा निकाला गया और बाद में अपने परिचित अनुज टंडन एवं विजय बंजारे की मदद से स्कूटी में ले जाकर कबाड़ी आशिक रब्बानी और प्रकाश चौहान को बेच दिया. कल आरोपियों की धरपकड़ दौरान आरोपी अनुज टंडन फरार था जिसे आज गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है.
गिरफ्तार आरोपी
- राहिल एक्का, पिता सुनील एक्का, उम्र 19 वर्ष, निवासी जवाहर नगर, रामभांठा, रायगढ़.
- विजय बंजारे, पिता दिलीराम बंजारे, उम्र 45 वर्ष, निवासी जय स्तंभ, रामभांठा, रायगढ़.
- आशिक रब्बानी, पिता निजामुद्दीन रंगरेज, उम्र 44 वर्ष, निवासी दानीपारा, रायगढ़.
- प्रकाश चौहान, पिता मोती चौहान, उम्र 31 वर्ष, निवासी इंदिरानगर, गंगाराम तालाब, रायगढ़.
- अनुज टंडन, पिता धुमराम टंडन, उम्र 41 वर्ष, निवासी रामभांठा, रायगढ़.
- तीन विधि से संघर्षरत अपचारी बालक.


