October 21, 2026

Blog


मीना बाजार में बड़ा हादसा: हवाई झूले से गिरकर 39 वर्षीय युवक की मौत

रायगढ़- जिले के खरसिया में दशहरा पर्व के अवसर पर आयोजित मीना बाजार में देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया. नगर पालिका परिषद प्रांगण में लगे मीना बाजार में झूले से गिरकर एक 39 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान पठान पारा निवासी नकुल निषाद के रूप में हुई है.

मिली जानकारी के अनुसार, नकुल अपने परिवार के साथ मीना बाजार घूमने गया था. इसी दौरान वह हवाई झूले में बैठा था. झूले में अचानक झटका लगने से वह नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद घायल नकुल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है. मृतक के परिवार ने झूला संचालक पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है. वहीं, पुलिस ने हादसे को लेकर अलग जानकारी दी है. पुलिस के अनुसार युवक शराब के नशे में झूले पर नाच रहा था और संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया. फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है.