शिक्षकों की अवकाश पर सख्ती: छत्तीसगढ़ में ऑफलाइन छुट्टियों पर लगी पाबंदी, HRMIS पोर्टल से ही मिलेगी अनुमति
रायपुर- छत्तीसगढ़ शासन के लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा शिक्षा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों के अवकाश (छुट्टी) को लेकर एक महत्वपूर्ण और सख्त आदेश जारी किया गया है. संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि अब विभाग के अंतर्गत कार्यरत समस्त गैर शैक्षणिक कर्मचारियों, शिक्षकों एवं अधिकारियों के अवकाश आवेदन केवल विभागीय HRMIS पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि पूर्व में भी सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों को विभागीय HRMIS पोर्टल के माध्यम से ही ऑनलाइन अवकाश आवेदन प्रस्तुत करने और स्वीकृति की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे.
लेकिन, संज्ञान में आया है कि वर्तमान में भी कई जगहों पर ऑफलाइन माध्यम से अवकाश आवेदन प्रस्तुत किए जा रहे हैं और उन पर कार्रवाई की जा रही है. इसे गंभीरता से लेते हुए संचालनालय ने निर्देश दिए हैं कि अब ऑफलाइन माध्यम से प्राप्त होने वाले किसी भी अवकाश आवेदन पर कार्रवाई पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी.
लोक शिक्षण संचालनालय ने प्रदेश के समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे इन नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें, ताकि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और कसावट लाई जा सके.

