May 4, 2026

Blog


घरेलू विवाद में खूनी मोड़: सोमनी पुलिस ने पति की हत्या के आरोप में पत्नी को किया गिरफ्तार

राजनांदगांव- जिले के थाना सोमनी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंजोरा में पति-पत्नी के बीच काम पर जाने को लेकर हुआ विवाद हत्या में बदल गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक तामेश्वर पारकर और उसकी पत्नी लक्ष्मी बाई पारकर के बीच 27 जुलाई 2025 को काम पर जाने और पैसों को लेकर विवाद हुआ था. बताया जा रहा है कि लक्ष्मी बाई बिना बताए काम पर चली गई थी, जिससे नाराज होकर तामेश्वर ने घर लौटने पर उससे झगड़ा किया. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई.

इसी दौरान लक्ष्मी बाई ने अपने हाथ और नाखून से हमला करते हुए तामेश्वर का गला दबा दिया. गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हत्या बताया गया है और शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान गठित टीम ने आरोपी लक्ष्मी बाई (उम्र 34 वर्ष), निवासी ग्राम अंजोरा, थाना सोमनी, को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है. मामले की आगे की जांच जारी है.