आरोपी गिरफ्तार
सूरजपुर- जिले में शिक्षिका और उनके बेटे के दोहरे हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. मोटर पार्ट्स के कारोबार में आर्थिक नुकसान और पैसों की तंगी के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया था. पुलिस ने हरियाणा निवासी मुख्य आरोपी प्रवेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जो कि मृतिका शिक्षिका की सहेली का पति बताया जा रहा है.
पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी प्रवेश कुमार मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है. वह मोटर पार्ट्स का कारोबार करता था, लेकिन व्यापार में भारी नुकसान के कारण वह गंभीर आर्थिक तंगी से गुजर रहा था. आरोपी को इस बात की जानकारी मिल चुकी थी कि शिक्षिका रजनी बरेठ ने करीब 19 लाख रुपये का लोन लिया है. इसी रकम को हड़पने के लालच में उसने हत्या की साजिश रची थी.
पहले शिक्षिका की गला घोंटकर हत्या, फिर बेटे को भी मारा
योजना के तहत आरोपी प्रवेश कुमार शिक्षिका रजनी बरेठ के घर पहुंचा. वहां पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद उसने कथित तौर पर गला दबाकर शिक्षिका की हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी को इस बात का डर सताने लगा कि शिक्षिका का बेटा सुजल राज इस राज का खुलासा कर सकता है. गवाह बनने के डर से आरोपी ने सुजल को भी रास्ते से हटाने की योजना बनाई. आरोपी सुजल राज को अपनी कार में बैठाकर महावीरपुर जंगल की ओर ले गया, जहां सीमेंट के खंभे के टुकड़े से सिर पर वार कर उसकी भी हत्या कर दी. इस तरह पैसों के लालच में शुरू हुई यह वारदात एक दोहरे हत्याकांड में बदल गई.
अलग-अलग स्थानों से मिले थे शव
गौरतलब है कि 10 अक्टूबर को सुजल राज का शव महावीरपुर जंगल से बरामद हुआ था. इसके ठीक अगले दिन शिक्षिका रजनी बरेठ का शव उनके किराये के मकान के बाथरूम से मिला था. मां-बेटे के शव अलग-अलग मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी.
70 सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस पहुंची आरोपी तक
अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया. पुलिस ने आसपास के करीब 60 से 70 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों और एक कार के नंबर से महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी प्रवेश कुमार तक पहुंच गई.
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार, स्टील की बोतल, सीमेंट के खंभे का टुकड़ा और मोबाइल फोन सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए हैं. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है.
