जमीन विवाद में भतीजे पर प्राणघातक हमला: पीड़ित को पैरालिसिस, पति-पत्नी गिरफ्तार
धमतरी- जिले के सिहावा क्षेत्र में पारिवारिक जमीन विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जहां एक दंपति ने युवक पर प्राणघातक हमला कर दिया. मामले में सिहावा पुलिस ने फरार चल रहे पति-पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
घटना 13 फरवरी 2026 की रात ग्राम सेमरा की है, जहां पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद के दौरान आरोपी कृष्ण कुमार साहू और उनकी पत्नी बिन्दा बाई साहू ने मुकेश साहू के पुत्र ताम्रध्वज साहू पर बांस के डंडे से हमला कर दिया. सिर पर गंभीर चोट लगने से पीड़ित की हालत बिगड़ गई. बाद में रायपुर के वी.वाई. अस्पताल में उसका इलाज कराया गया, जहां दो बार ऑपरेशन करना पड़ा और वह पैरालिसिस का शिकार हो गया.
शुरुआत में सामाजिक कारणों से मामला दर्ज नहीं कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर 9 अप्रैल 2026 को सिहावा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई. जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की.
लगातार जांच, गवाहों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया, जिसके बाद घटना में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा भी बरामद किया गया.
आरोपी
- कृष्णा उर्फ कृष्ण कुमार साहू, पिता स्व. बिसनाथ साहू, उम्र 51 वर्ष निवासी – डीहीपारा सेमरा, थाना सिहावा, जिला धमतरी (छ.ग.
- बिन्दा बाई साहू,पति कृष्ण कुमार साहू, उम्र 48 वर्ष निवासी – डीहीपारा सेमरा, थाना सिहावा, जिला धमतरी (छ.ग.)
