दुर्ग में दर्दनाक हादसा: सिलेंडर ब्लास्ट से एक ही परिवार के 4 लोगों की जिंदा जलकर मौत
दुर्ग- जिले में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया. कुम्हारी थाना क्षेत्र के वार्ड-4 में एक घर में गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. मृतकों में एक दो साल का मासूम बच्ची भी शामिल है.
जानकारी के मुताबिक, खपरी गांव स्थित एक मकान में शॉर्ट सर्किट से आग लगी और आग किचन तक पहुंच गई जिससे अचानक तेज धमाके के साथ गैस सिलेंडर ब्लास्ट हुआ. धमाका इतना जबरदस्त था कि देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया. घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य बाहर निकलने का मौका तक नहीं पा सके. घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग काफी विकराल हो चुकी थी. आग पर काबू पाने के बाद घर के अंदर से चार शव बरामद किए गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मृतकों के नाम जिनमें अनिल वैष्णव 45 साल, लक्ष्मी वैष्णव 20 साल, चांदनी वैष्णव 18 साल और एक दो साल का मासूम बच्ची भी शामिल है.
