निकलेगी विशाल एकता रैली
राजनांदगांव- छत्तीसगढ़ राजपूत महासभा द्वारा 24 अक्टूबर (शनिवार) को राजनांदगांव शहर में भव्य स्तर पर विजयादशमी समारोह का आयोजन किया जा रहा है. इस अवसर पर समाज की एकजुटता प्रदर्शित करने के उद्देश्य से दोपहर 3 बजे से एक विशाल एकता रैली निकाली जाएगी, जिसमें राजपूत समाज की क्षत्राणी महिलाएं भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगी.
नगाड़ा वादन के साथ निकलेगी स्कूटर और कार रैली
प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कार्यक्रम की जानकारी देते हुए समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि नगाड़ा वादन के साथ विधानसभा अध्यक्ष निवास से महाराणा प्रताप भवन तक निकलने वाली इस भव्य रैली में जिले की सांसद संतोष पाण्डे, महापौर मधुसूदन यादव व पूर्व सांसद अभिषेक सिंह विशेष तौर पर शामिल रहेंगे. शहर के कैलाश नगर क्षेत्र से होकर लखोली नाका चौक, गंज चौक से भारत माता चौक होते हुए मानव मंदिर चौक व अन्य चौक चौराहों को पार कर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने वाली स्कूटर रैली व कार रैली में पूरे प्रदेश भर के राजपूत समाज के लोगों की उपस्थिति बनी रहेगी.
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए राजपूत समाज के विष्णु बहादुर सिंह ने बताया कि उक्त आयोजन में राजपूत समाज द्वारा बगैर किसी अस्त्र -शस्त्र प्रदर्शन के आयुध पूजन किया जाएगा. वहीं अतिथियों के हाथों समाज से संबंधित एक स्मारिका का भी विमोचित होगी. कार्यक्रम के अगले क्रम में अतिथियों के हाथों जिले के प्रसिद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ठाकुर लोटन सिंह परिहार की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा.
कवि राम भदावर का वीर रस काव्य गान
प्रेस वार्ता में बताया गया है समाज द्वारा न्यू चंद्रा कालोनी में आयोजित विजयादशमी समारोह में शाम 5 बजे काव्य गान का आयोजन किया गया है जिसमें युवा हृदय सम्राट वीर रस के कवि राम भदावर चंबल की दहाड़ लगाएंगे.
इस दौरान भिलाई दुर्ग, रायपुर, खैरागढ़ आदि जगहों से पधारे राजपूत समाज के रामनारायण सिंह (अधिवक्ता) सतीश सिंह, हर्षवर्धन सिंह, भूपेंद्र सिंह क्षत्रिय, आदर्श सिंह,अनेद्र कुमार सिंह, जय नारायण सिंह,विशाल सिंह आदि उपस्थित थे.
