October 26, 2026

Blog


हत्या का खुलासा : बिरयानी की चाहत और नशे की लत ने बनाया कातिल, 1 बालिग व 4 नाबालिग गिरफ्तार

रायगढ़- जूटमिल थाना पुलिस ने सारंगढ़ ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास मिले एक अज्ञात व्यक्ति की हत्या के सनसनीखेज मामले की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है. बिरयानी खाने और नशे की लत को पूरा करने के लिए रुपए जुटाने की नीयत से लूटपाट कर चाकू मारकर हत्या करने वाले एक युवक और चार विधि से संघर्षरत बालकों (नाबालिगों) को पुलिस ने हिरासत में लिया है.

लूट का विरोध करने पर बटन चाकू से ताबड़तोड़ वार

प्रारंभिक जांच और पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. आरोपी नशे के आदी हैं और घटना की रात बिरयानी खाने के लिए पैसों का जुगाड़ कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास सड़क किनारे ट्रक के पास सो रहे एक व्यक्ति की जेब से रुपए और मोबाइल निकालने का प्रयास किया.

जेब टटोलने के दौरान पीड़ित व्यक्ति जाग गया और उसने लूटपाट का कड़ा विरोध किया. विरोध से बौखलाए आरोपियों में से एक नाबालिग ने अपने पास रखे बटन चाकू से उस पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

गिरफ्तार आरोपी

एक बालिग आरोपी राजेश्वर सारथी उर्फ समारू (19 वर्ष) एवं 4 विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग).

पुलिस टीम को इनाम देने की घोषणा

अज्ञात शव मिलने के बाद जूटमिल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सूक्ष्म जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से महज 24 घंटे के अंदर इस अंधी हत्या का पर्दाफाश कर दिया. एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस जटिल मामले का इतनी तेजी से सफल खुलासा करने वाली पूरी पुलिस टीम के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए उन्हें नकद इनाम देने की घोषणा की है.