October 24, 2026

Blog


अस्पताल परिसर से मोटरसाइकिल चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, वाहन बरामद

बालोद- जिले के थाना गुण्डरदेही पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए शासकीय अस्पताल परिसर से मोटरसाइकिल चोरी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एच.एफ. डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 24 P 6193) भी सकुशल बरामद कर ली है.

जानकारी के अनुसार, प्रार्थी कीर्तन लाल साहू, निवासी ग्राम खुटेरी (रंग), थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद ने 18 अक्टूबर 2026 को थाना गुण्डरदेही में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शासकीय अस्पताल गुण्डरदेही परिसर में खड़ी उनकी मोटरसाइकिल एच.एफ. डीलक्स क्रमांक CG 24 P 6193 को कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है.

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना गुण्डरदेही में अपराध क्रमांक 350/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन, एसडीओपी गुण्डरदेही श्रुति सिंह के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी निरीक्षक रवि पाण्डेय के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित की गई. विवेचना के दौरान थाना गुण्डरदेही पुलिस एवं साइबर सेल की टीम द्वारा घटना स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया. साथ ही उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों के आधार पर आरोपी की पतासाजी की गई.

जांच के दौरान संदेही देवराज उर्फ देवा कोसरे, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम हिरुखपरी, थाना रनचिरई, जिला बालोद से पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसके बताए अनुसार चोरी की मोटरसाइकिल एच.एफ. डीलक्स क्रमांक CG 24 P 6193 बरामद कर जप्त की गई. आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया. प्रकरण की विवेचना जारी है.