जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग की बैठक संपन्न: 1833 किसानों के लिए 20.55 करोड़ का ऋण स्वीकृत
दुर्ग- जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन की अध्यक्षता में संचालक मण्डल एवं ऋण उप समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में बैंक कार्यक्षेत्र के दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिले के किसानों और हितग्राहियों के लिए विभिन्न कृषि एवं अकृषि ऋण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई.
बैठक में बैंक के कार्यक्षेत्र की 22 प्राथमिक सहकारी समितियों से जुड़े 1833 किसानों के लिए फसल ऋण की पूरक साख सीमा (वर्ष 2026-27 से 2028-29) के तहत 20.55 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई. गन्ना उत्पादक 7 कृषक को साख सीमा 17.45 लाख रु., कपास उत्पादक 1 कृषक को 1 लाख, उद्यानिकी फसल हाइब्रीड टमाटर खेती के लिए 4 किसानों को 3.64 लाख रु. तथा उद्यानिकी फसल गोभी हेतु 1 किसान को 1.38 का ऋण स्वीकृत किया गया है.
गौपालन के लिए 78 किसानों को 1.28 करोड़ तथा नवीनीकरण अंतर्गत 33 किसानों को 56.19 लाख, मत्स्य पालन अंतर्गत 3 किसानों को 7.44 लाख, बकरीपालन हेतु 2 कृषको को 2.38 लाख, कुक्कुट पालन हेतु 2 किसानों को 6 लाख, मध्यकालीन व्यक्तिगत ऋण अंतर्गत 1 किसान को 2 लाख का ऋण स्वीकृत किया गया है. इसी प्रकार अन्य हितग्राहियों के मांग अनुसार अकृषि ऋण स्वीकृत किया गया.
बैठक के दौरान बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभाग की विभिन्न शासकीय योजनाओं का किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक कृषक बैंक के माध्यम से इन योजनाओं का लाभ उठा सकें.
बैठक में उपाध्यक्ष नरेश यदु, कृषि सहायक संचालक सुमन कुमार कोर्राम, उप पंजीयक (सहकारी संस्थाएं) सतीष पाटले, मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस.के. वर्मा, अतिरिक्त मुख्य पर्यवेक्षक कुसुम ठाकुर एवं शाखा प्रबंधक एस.पी. वाहने मुख्य रूप से उपस्थित रहे.


