मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग
रायगढ़- जिले में महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के तहत चलाए जा रहे अभियान के दौरान महिला थाना पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई. महिला थाना रायगढ़ की टीम ने दुष्कर्म के एक प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी नीरापद बबली उर्फ नीरापद बबाली को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है. आरोपी द्वारा रायगढ़ की एक महिला को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण किए जाने की शिकायत पर महिला थाना में अपराध पंजीबद्ध किया गया था.
घटना के संबंध में पीड़िता ने दिनांक 28.04.2026 को महिला थाना रायगढ़ में आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से आरोपी नीरापद बबली से हुई थी .
पीड़िता के अनुसार, दिनांक 14 अक्टूबर 2023 को आरोपी उसके घर आया और परिजनों से मुलाकात करने के बाद विवाह का विश्वास दिलाते हुए उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया. दिनांक 17.04.2026 को आरोपी पुनः पीड़िता के घर आया और यह कहते हुए विवाह से इंकार कर दिया कि वह पहले ही शादी कर चुका है. विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता से गाली-गलौज करते हुए उसे धमकी दी और वहां से चला गया.
पीड़िता की रिपोर्ट पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 38/2026 के तहत धारा 69 बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए महिला थाना टीम द्वारा पूर्व में भी दबिश दी गई थी, किंतु आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर फरार चल रहा था. इसी दौरान पुलिस को आरोपी के सीतापुर क्षेत्र में होने की सूचना प्राप्त हुई, जिस पर महिला थाना की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीतापुर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया.
आरोपी नीरापद बबली उर्फ नीरापद बबाली के मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे पेटला, जिला सरगुजा (सीतापुर क्षेत्र) से गिरफ्तार किया गया. थाना लाकर घटना के संबंध में पूछताछ किए जाने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया, उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
