May 23, 2026

Blog


कंपनी की जैकेट पहनकर करते थे चोरी

कांकेर- थाना रावघाट और क्राइम टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जो जियो कंपनी के मोबाइल टॉवरों से बैटरियां चुराया करता था. चौंकाने वाली बात यह है कि इस गिरोह का मुख्य मास्टरमाइंड कोई बाहरी नहीं, बल्कि जियो कंपनी में ही काम करने वाले कर्मचारी निकले. पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

कर्मचारियों ने ही रची साजिश

आरोपी जियो कंपनी के जैकेट, हेलमेट और उपकरणों का इस्तेमाल करते थे ताकि किसी को उन पर शक न हो. वे कंपनी की आड़ में ही टॉवरों तक पहुंचते थे.

2 महीने में 72 बैटरियां पार

आरोपियों ने मार्च से अप्रैल 2026 के बीच अलग-अलग इलाकों में लगे जियो टॉवरों को निशाना बनाया और कुल 72 नग बैटरियां उड़ा दीं. पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए चोरी में प्रयुक्त वाहन, 24 नग जियो बैटरियां, नकदी ₹5300, जियो कंपनी का जैकेट, हेलमेट एवं अन्य उपकरण जप्त किए गए.

कबाड़ी को बेचा सामान

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उन्होंने बताया कि चोरी की गई बैटरियों को उन्होंने एक कबाड़ी के पास बेच दिया था. जप्त किया गया सामान (कुल कीमत ₹09 लाख). इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. गिरोह से जुड़े कुछ अन्य आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं.