May 22, 2026

Blog


86.53 लाख के गांजे के साथ भोपाल के 4 तस्कर और 1 नाबालिग गिरफ्तार, 2 कारें भी जब्त

गरियाबंद- जिला पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 1 क्विंटल 56 किलोग्राम से अधिक अवैध गांजे के साथ पांच अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) भी शामिल है. जब्त किए गए गांजे और तस्करी में इस्तेमाल हो रहे वाहनों की कुल कीमत लगभग 86 लाख 53 हजार रुपये आंकी गई है.

ऐसे जाल में फंसे अंतर्राज्यीय तस्कर

मिली जानकारी के अनुसार, गरियाबंद पुलिस को सूचना मिली थी कि तस्कर दो लग्जरी वाहनों में बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर परिवहन करने की फिराक में हैं. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल नाकेबंदी की. इस दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में आ रही दो कारों—एक स्विफ्ट डिजायर और एक मारुति सुजुकी एस-क्रॉस को रोककर तलाशी ली गई.

वाहनों की सघन चेकिंग करने पर पुलिस को भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ. तस्करों के पास से कुल 156.06 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये है. इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहनों को भी पुलिस ने राजसात (जब्त) कर लिया है.

मध्य प्रदेश के भोपाल से जुड़े हैं तार

गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं, जो अंतर्राज्यीय नेटवर्क के जरिए गांजे की इस बड़ी खेप को खपाने की तैयारी में थे.

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

  1. राहुल राजपूत (21 वर्ष) – निवासी: मल्टीस्पेशलिटी कैंसर अस्पताल के पास, बाजपेई नगर, साजनाबाद, जिला भोपाल (म.प्र.)
  2. संजय बामने (23 वर्ष) – निवासी: मकान नं. 228, बाजपेई नगर, थाना साजनाबाद, जिला भोपाल (म.प्र.)
  3. अनिकेत उर्फ अंकित पाल (26 वर्ष) – निवासी: मकान नं. 04, गली नं. 2, बिसनखेड़ी बायपास, गांधीनगर, जिला भोपाल (म.प्र.)
  4. साहिल खान (22 वर्ष) – निवासी: बाजपेई नगर, थाना साजनाबाद, जिला भोपाल (म.प्र.)
  5. एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग)