प्रशासन को दिया 15 दिनों का अल्टीमेटम
बिलासपुर- बेलतरा क्षेत्र के अशोकनगर–बिरकोना मार्ग एवं सीपत चौक से राजकिशोर नगर मुख्य मार्ग की खराब स्थिति को लेकर कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर जल्द सुधार कार्य कराने की मांग की है. ज्ञापन में जर्जर सड़क, उड़ती धूल, बारिश में कीचड़, बढ़ते सड़क हादसे और निर्माण कार्यों में अनियमितताओं जैसे गंभीर मुद्दों को उठाया गया है.
अंकित गौरहा ने कहा कि अशोकनगर–बिरकोना मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है. गर्मियों में सड़क पर अत्यधिक धूल उड़ने से स्थानीय नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं बारिश के दौरान कीचड़ और जलभराव से आवागमन प्रभावित हो रहा है. सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है.
ज्ञापन में क्षेत्र में चल रहे नाली निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं. स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्यों में तकनीकी मानकों की अनदेखी और निम्न गुणवत्ता सामग्री उपयोग करने की शिकायत की है. मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है.
इसके अलावा सीपत चौक से राजकिशोर नगर मुख्य मार्ग पर सड़क खुदाई के बाद पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग नहीं किए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया. हाल के दिनों में यहां कई सड़क हादसे हुए हैं, जिनके सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं. लोगों का आरोप है कि संबंधित विभागों की लापरवाही आम नागरिकों की जान पर भारी पड़ रही है.
स्थानीय निवासी अमित फडणवीस ने दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्वयं रेडियम और बांस लगाकर गड्ढों को घेरने की व्यवस्था की, जिसके बाद कुछ हद तक हादसों में कमी आई. बावजूद इसके, प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है.
अंकित गौरहा ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर सड़क मरम्मत, धूल नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में कार्रवाई शुरू नहीं हुई, तो क्षेत्र की जनता के साथ आंदोलन किया जाएगा.
