मनगटा रिसॉर्ट में पुलिस की छापेमारी, सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करने वालों पर कार्रवाई
शराब सेवन करने की सुविधा उपलब्ध कराने वाले ढाबा संचालक पर की गयी कार्यवाही
राजनांदगांव- जिले के सोमनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मनगटा क्षेत्र स्थित रिसॉर्ट में पुलिस ने शनिवार रात औचक छापेमारी कर सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन कर रहे लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की. कार्रवाई के दौरान शराब सेवन करने की सुविधा उपलब्ध कराने वाले ढाबा संचालक पर भी आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया.
पुलिस अधीक्षक महोदया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर 10 मई 2026 की रात कार्रवाई की गई.
कार्यवाही दौरान ग्राम झूराडबरी स्थित मेपल रिसाॅर्ट के पास सार्वजनिक स्थान पर शराब पी रहे अभिषेक पाण्डे, अंकुश कुमार एवं 04 युवती के विरूद्ध 36(च) आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही किया गया एवं वाद विवाद कर रहे अभिषेक पाण्डे को प्रतिबंधित करने धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर माननीय एसडीएम न्यायालय राजनांदगांव के समक्ष पेश किया गया.
इसी तारतम्य में ग्राम देवादा वीरजी द ढाबा के संचालक दलप्रीत सिंह पिता कुलवंत सिंह उम्र 40 साल निवासी विरजी ढाबा ग्राम देवादा थाना सोमनी जिला राजनांदगांव द्वारा अपने ढाबा शराब सेवन करने की सुविधा उपलब्ध कराते पाए जाने पर धारा 36(सी) आबकारी एक्ट की कार्यवाही किया गया तथा प्रतिबंधित करने धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफतार कर माननीय एसडीएम न्यायालय राजनांदगांव के समक्ष पेश किया गया.
